
रायबरेली: अमेठी में बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण देश पर एक बड़ा “आर्थिक तूफान” आने वाला है.
अपने पुराने संसदीय क्षेत्र अमेठी में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा से लौटने के बाद “रोएंगे और हाथ जोड़ेंगे.”
राहुल गांधी ने कहा, “एक ऐसा आर्थिक तूफान आने वाला है, जैसा भारत ने पहले कभी नहीं देखा. हमारा तेल होर्मुज जलडमरूमध्य से आता है और वह बंद हो चुका है. लेकिन चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी कहते थे कि तेल, गैस और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, सब ठीक है. पिछले तीन महीनों में नरेंद्र मोदी को कदम उठाने चाहिए थे, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया. वह मेलोनी के साथ टॉफी खा रहे हैं और वीडियो बना रहे हैं, जैसे यह कोई मजाक हो.”
उन्होंने आगे कहा, “जब नरेंद्र मोदी वापस आएंगे तो आर्थिक तूफान आएगा. उसके बाद नरेंद्र मोदी रोएंगे और कहेंगे कि अगर मेरी गलती है तो मुझे फांसी पर लटका दो.”
राहुल गांधी ने नोटबंदी और कोविड काल का ज़िक्र करते हुए कहा, “नोटबंदी के बाद नरेंद्र मोदी रोते हुए बोले थे कि अगर काला धन खत्म नहीं हुआ तो मुझे फांसी पर लटका देना. कोविड के समय लॉकडाउन लगाकर मजदूरों को मरने दिया और फिर हाथ जोड़कर बोले कि मुझे फांसी पर लटका दो. अब फिर वही समय आने वाला है जब नरेंद्र मोदी रोएंगे और हाथ जोड़ेंगे.”
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए “गद्दार” वाले बयान को भी दोहराया. उन्होंने कहा, “आरएसएस वालों सुन लो, मैं कभी माफी नहीं मांगूंगा. मैं फिर कहता हूं कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह गद्दार हैं, क्योंकि उन्होंने संविधान पर हमला किया है. मैं आप लोगों से डरता नहीं हूं.”
इससे पहले रायबरेली में भी राहुल गांधी ने “आर्थिक तूफान” और “गद्दार” वाले बयान का ज़िक्र किया था.
बता दें कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में संकट गहराया है. इसी बीच 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. इसके बाद फिर औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई. दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया है

