नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कोषाध्यक्ष हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब राष्ट्रीय महासचिवों में शामिल हैं.
आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय से उनकी जिम्मेदारी वापस ले ली गई है. यह फैसला जेन ज़ी के विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में आया है. आईटी सेल की जगह अब सोशल मीडिया विभाग बनाया गया है, जिसके संयोजक छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को बनाया गया है.
राम माधव की पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर वापसी हुई है. बी.एल. संतोष संगठन महासचिव के पद पर बने हुए हैं.
माधव बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं और अभी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं. उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में पार्टी के संगठन और राजनीतिक पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
बिप्लब देब और ईरानी के अलावा आठ महासचिवों की सूची में राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, लोकसभा सांसद गजेंद्र पटेल, लोकसभा के पूर्व सदस्य हरीश द्विवेदी और राज्यसभा सांसद संजय भाटिया शामिल हैं.
राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े और वरिष्ठ नेता सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बरकरार रखा गया है.
उपाध्यक्षों की नई सूची में पार्टी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा सदस्य तीरथ सिंह रावत को शामिल किया है. वहीं, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और बैजयंत पांडा भी इसमें जगह बनाने में सफल रहे हैं. इनके अलावा सूची में रेखा वर्मा, लाल सिंह आर्य और तारिक मंसूर भी शामिल हैं.
पार्टी ने दो राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) नियुक्त किए हैं—शिवप्रकाश और सौदान सिंह. शिवप्रकाश पिछली टीम में भी थे, जबकि सौदान सिंह पहले पार्टी के उपाध्यक्ष रह चुके हैं.
पूर्व AAP रणनीतिकार संदीप पाठक और कांग्रेस के पूर्व नेता अनिल एंटनी को 16 राष्ट्रीय सचिवों की सूची में जगह मिली है.
पार्टी ने महिलाओं को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व दिया है. राज्यसभा सांसद फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव और कविता पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है.
हरीश द्विवेदी समेत उत्तर प्रदेश के कई नेताओं को नई टीम में जगह मिली है. नबीन खुद जनवरी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे.
बीजेपी और संघ के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व और आरएसएस के बीच कई दौर की बैठकें हुईं, ताकि नई टीम ऐसी ‘युवा टीम’ हो जो राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मिलकर काम कर सके.
लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या को युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह गुजरात के हेमंग जोशी को जिम्मेदारी दी गई है. महिला मोर्चा की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को दी गई है, जिन्होंने वनाथी श्रीनिवासन की जगह ली है.
नई ओबीसी मोर्चा प्रमुख उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य हैं, जिन्होंने राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण की जगह ली है.
अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली को दी गई है. उन्होंने जमाल सिद्दीकी की जगह ली है.
BJP के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “नई सूची में कई महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है और 64 राष्ट्रीय पदाधिकारियों में से 12 महिलाएं हैं. आने वाले कुछ दिनों में हम देखेंगे कि उन्हें राज्यों में भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा.” पिछली टीम में राष्ट्रीय टीम में केवल पांच महिलाएं थीं.

