पोलैंड के प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें PM नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त कहने पर ‘बहुत गर्व’ है और उन्होंने ग्लोबल अनिश्चितता के बीच भारत की बढ़ती इंटरनेशनल भूमिका की तारीफ़ की.
नई दिल्ली: पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को कहा कि भारत और पोलैंड के लक्ष्य एक जैसे हैं और दोनों देशों के बीच “हितों का कोई टकराव नहीं है”. दोनों देश रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.
नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बातचीत के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए टस्क ने कहा, “हमारी बातचीत बहुत सफल रही है. इसकी वजह सिर्फ यह नहीं है कि भारत और पोलैंड के बीच कई समानताएं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच कोई मतभेद भी नहीं है. शायद सिर्फ भौगोलिक दूरी है. भारत और पोलैंड के बीच सहयोग की संभावनाएं काफी साफ हैं. हमारे हितों में कोई टकराव नहीं है.”
टस्क ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते भरोसे, साझा मूल्यों और अहिंसा जैसे समान विचारों पर आधारित हैं. उन्होंने कहा, “हमारे बीच इतिहास से जुड़ा ऐसा कोई मुद्दा नहीं है, जो हमें बांटता हो.” उन्होंने पोलैंड के सॉलिडैरिटी आंदोलन और भारत की अहिंसा की परंपरा के बीच समानता बताई. पोलैंड के सॉलिडैरिटी आंदोलन ने अहिंसक तरीकों से कम्युनिस्ट शासन को चुनौती दी थी. उन्होंने यह भी कहा कि भारत के इतिहास और राजनीतिक परंपराओं से पोलैंड को प्रेरणा मिली है.

