आयोजन के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित 250 बीघा क्षेत्र में एक अस्थायी शहर बसाया गया है। यहां 12 ज्योतिर्लिंगों के नाम पर 12 डोम बनाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल ग्लोबल एक्सपो भी लगाया गया है, जिसमें 750 स्टॉल्स हैं।
एक्सपो में नेपाल, दुबई, यूएसए सहित कई देशों के एग्जीबीटर शामिल हुए हैं। खास बात यह है कि तीन दिवसीय एक्सपो में शहरवासी भी शामिल हो सकेंगे, जबकि मुख्य अधिवेशन में केवल रजिस्टर्ड समाजबंधु ही प्रवेश कर पाएंगे। आयोजन स्थल पर गीता बाल संस्कार डोम भी बनाया गया है, जहां श्रीमद्भगवद्गीता की ट्रेन के 8 कोच के माध्यम से बच्चों को सनातन संस्कारों से रूबरू करवाया जा रहा है।
माहेश्वरी समाज के महाकुंभ में एक्सपो में देशभर से माहेश्वरी समाज के उद्यमों की स्टॉल्स लगी है, जहां समाज के लोग अपने ही समाजबंधुओं द्वारा किए जा रहे कार्यों से रूबरू हो रहे हैं।

पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित इस वैश्विक सम्मेलन में लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत और मारवाड़ के पूर्व नरेश गजसिंह के आतिथ्य में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस महाकुंभ में भारत सहित दुनिया के 27 देशों से करीब 40 हजार माहेश्वरी समाजबंधु हिस्सा ले रहे हैं।

एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला की अगवानी की। आयोजन स्थल पर अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काबरा और जोधपुर माहेश्वरी सभा के मंत्री नंदकिशोर शाह ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए ओम बिड़ला ने कहा कि नेतृत्व के साथ समाज हर क्षेत्र में अग्रणी है। समाज की देश के विकास व समाज के हित में बहुत बड़ी भूमिका पहले भी रही है और आगे भी जारी रहेगी। समाज के हर शोषित, पिछड़े वर्ग की मदद के लिए माहेश्वरी समाज हर जगह खड़ा रहता है। भले ही देश में माहेश्वरी समाज की जनसंख्या कम है, लेकिन प्रतिष्ठा कई गुना अधिक है।
माहेश्वरी समाज के सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह सहित कई वीआईपी भाग लेने आए हैं।

