जोधपुर में 9जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजन, तीन दिन ग्लोबल एक्सपो, दो दिन महाधिवेशन, 27 देशों से जुटेंगे पचास हजार से अधिक माहेश्वरी बंधु,

सात वर्ष बाद माहेश्वरी समाज का सबसे बड़ा आयोजन माहेश्वरी महाधिवेशन एवं ग्लोबल एक्सपो 9 से 11 जनवरी तक राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में आयोजित होगा। 135 वर्ष पुराने देश के सबसे बड़े संगठित सामाजिक संगठन अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के नेतृत्व में होने वाले इस महाकुंभ की थीम ‘वैदिक भारत से वैश्विक भारत तक समाज की भूमिका- विजन 2047’ रखी गई है।
यह जानकारी माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने दी। वे यहां कार्यक्रम स्थल पर पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे।
उन्होंने बताया कि महाधिवेशन में वैचारिक मंथन, जीवन मूल्यों, परंपराओं और समाज की भविष्य दिशा पर चर्चा होगी, वहीं ग्लोबल एक्सपो उद्यमियों, स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों का मंच बनेगा।
27 देशों सहित भारत के विभिन्न प्रांतों से समाजबंधु इसमें भाग लेंगे। महाधिवेशन केवल पंजीकृत माहेश्वरी बंधुओं के लिए रहेगा, जबकि ग्लोबल एक्सपो सर्वसमाज के लिए खुला होगा।
10-11 जनवरी को महाधिवेशन
महामंत्री अजय काबरा के अनुसार 9, 10 और 11 जनवरी को ग्लोबल एक्सपो तथा 10 व 11 जनवरी को महाधिवेशन आयोजित होगा। एक्सपो में 750 से अधिक स्टॉल लगेंगी, जहां उद्योग, आईटी, रिन्यूएबल एनर्जी, मेडिकल, एजुकेशन, फाइनेंस, रियल एस्टेट, फैशन, एफएमसीजी सहित दर्जनों क्षेत्रों की कंपनियां अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित करेंगी।
जॉब फेयर, स्टार्टअप चैलेंज और बिजनेस सेमिनार युवाओं के लिए नए रोजगार और उद्यमशीलता के अवसर खोलेंगे।

