जोधपुर में नगर निगम ने यूडी टैक्स बकाया नहीं चुकाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑफिस और 79 दुकानों को सीज कर दिया। करीब 50 लाख रुपए का शहरी विकास (यूडी) टैक्स लंबे समय से बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद राशि जमा नहीं कराने पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर ताले जड़ दिए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
नगर निगम ने कायस्थ जनरल सभा परिसर में संचालित सर प्रताप लॉ कॉलेज और परिसर की दुकानों पर कार्रवाई को अंजाम दिया। निगम ने कॉलेज में स्टूडेंट्स के मिड टर्म एग्जाम के चलते कॉलेज में कमरों को सीज नहीं किया।
वहीं परिसर में बने ऑफिस को सीज किया गया। साथ ही परिसर के आगे की तरफ महात्मा गांधी रोड पर बनी करीब 79 दुकानों को भी सीज किया गया है। संस्था पर 49 लाख 47 हजार 37 रुपए का यूडी टैक्स वर्ष 2017 से बकाया है।
गौरतलब है कि सोमवार को निगम ने सरदारपुरा स्थित एक मैरिज हॉल पर कार्रवाई की थी। सरदारपुरा डी रोड स्थित सेंट एंड्रयूज हॉल को सीज किया गया था। संस्था ने यूडी टैक्स 42 लाख 9 हजार 606 रुपए जमा नहीं कराए थे। निगम की ओर से दिए नोटिस को 15 दिन हो चुके थे। ऐसे में हॉल के चारों गेट को बंद कर दिए गए और ऑफिस को सीज करने की कार्रवाई की गई।

