कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच शुक्रवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बातचीत हुई। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और CJP प्रवक्ता सौरभ दास, आशुतोष रांका शामिल हुए।
बैठक के बाद CJP प्रवक्ता आशुतोष ने दैनिक भास्कर से कहा, ‘हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कोई समझौता नहीं करेंगे। सरकार ने मुआवजा देने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज केस वापस लेने पर सहमति जताई है।’
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बताया, ‘दो घंटे की बातचीत में CJP ने सरकार के सामने 3 प्रमुख मांगें और परीक्षा प्रणाली में सुधार के 5 सुझाव रखे हैं। हमनें ने इस पर विचार करने के लिए कल तक का समय मांगा है।’

जंतर-मंतर से प्रदर्शन की तस्वीरें…


आज के 4 बड़े अपडेट्स
- सरकार ने CJP के प्रवक्ताओं को कल फिर से 3:30 बजे मिलने बुलाया है। अगर अगले 2-3 दिन में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं हुआ तो, CJP फिर से 20 जुलाई जैसा मार्च कर सकती है।
- सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से पेपर लीक के बाद से अभी तक हुए सुधारों की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने केंद्र से अब तक मामले में हुई जांच के बारे में बताने के लिए भी कहा।
- DMRC ने दिल्ली में अगले आदेश तक नई दिल्ली समेत 18 मेट्रो स्टेशन बंद करने का आदेश दिया है।
- बॉम्बे हाईकोर्ट ने पेपर लीक की जांच के लिए नागपुर और औरंगाबाद में दो फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का आदेश दिया है।
पिछले 4 दिन में क्या-क्या हुआ, यहां पढ़ें…
23 जुलाई- कॉकरोच पार्टी बोली- सरकार बात करने जंतर-मंतर आए
22 जुलाई- वांगचुक बोले- सरकार से भरोसा मिला तो अनशन तोडूंगा
21 जुलाई- अभिजीत दीपके बोले- बात करना है तो सरकार खुद आए
20 जुलाई- CJP का संसद मार्च, पुलिस का लाठीचार्ज, कई के सिर फूटे
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से जुड़े अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाएं…
लाइव अपडेट्स
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी, प्रतिबंधित जगहों पर जाने से बचें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी कर लोगों से कहा कि वे बहुत जरूरी न होने पर उन इलाकों में जाने से बचें जहां पाबंदी वाले आदेश लागू हैं। साथ ही, ऐप-आधारित मोबिलिटी, फूड डिलीवरी और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को सलाह दी गई कि वे इन नोटिफाइड जोन में अपने कामकाज को नियंत्रित करें।
पुलिस ने कहा कि राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म, फूड डिलीवरी सर्विस, क्विक-कॉमर्स ऑपरेटर, लॉजिस्टिक्स प्रोवाइडर और बाकी ई-कॉमर्स कंपनियों को प्रभावित इलाकों में अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म चलाते समय इन पाबंदियों का ध्यान रखना चाहिए।
दावा- शिक्षा मंत्रालय में बड़े बदलाव होंगे, 1 महीने में NTA रीफॉर्म होगा
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शिक्षा मंत्रालय में बड़े बदलाव होने वाले हैं। इसका ऐलान आज ही किया जा सकता है।
यह भी कहा जा रहा है कि 47 अधिकारी हटाए जा सकते हैं। साथ ही NTA का पुनर्गठन किया जाएगा।
ममता बनर्जी सोमवार को जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन में शामिल होंगी
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नेतृत्व में NEET पेपर लीक और उससे जुड़े मुद्दों के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं। बनर्जी छात्रों के प्रति अपना समर्थन दिखाने के लिए विरोध स्थल पर जाएंगी।
कोलकाता में तृणमूल की सालाना 21 जुलाई ‘शहीद दिवस’ रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो वह राष्ट्रीय राजधानी में CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा- अगर जरूरत पड़ी तो मैं दिल्ली जाऊंगी और CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होऊंगी।”
छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान RAF के जवानों की कार्रवाई की जांच शुरू

रैपिड एक्शन फोर्स ने दिल्ली में चल रहे छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान अपने जवानों पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने और पैलेट गन चलाने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स ने एंटी रॉयट यूनिट के आईजी से कहा है कि वे प्रदर्शनकारियों को कंट्रोल करने के लिए अलग-अलग टीमों की कार्रवाई के क्रम और घटनाओं की पुष्टि करें जिनमें उन पर हमले हुए थे।
CRPF अधिकारियों ने कहा कि इन घटनाओं की औपचारिक ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ अभी शुरू नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि जब इस जांच-पड़ताल से तथ्य सामने आ जाएंगे, तब आदेश दिया जाएगा।
RAF ने सोशल मीडिया पर मौजूद कई वीडियो और तस्वीरों को जांच के लिए भेजा है। इनमें नीले रंग की वर्दी (डांगरी) पहने जवान दिखाई दे रहे हैं। इनमें ऐसे फुटेज शामिल हैं जिनमें वे बंदूकें और लाठीचार्ज करते दिख रहे हैं। साथ ही ऐसे वीडियो भी हैं जिनमें भीड़ ने उनके जवानों को घेरकर उन पर हमला किया था।
पुलिस का बयान- दिल्ली पुलिस के किसी अधिकारी या कर्मचारी पर एक्शन नहीं
CJP प्रोटेस्ट के दौरान लाठीचार्ज को लेकर दिल्ली पुलिस के कितने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई, इस सवाल के जवाब में दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर देवेश कुमार श्रीवास्तव ने दैनिक भास्कर को बताया है कि CJP प्रोटेस्ट को लेकर किसी भी अधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा- किसी पुलिस कर्मचारी या अधिकारी को सस्पेंड करने या विभागीय कार्रवाई करने की सोशल मीडिया पर आई खबर गलत है। पुलिस की तरफ से लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने के लिए कानून के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा जितने पुलिस अधिकारी घायल हुए थे उनमें ज्यादातर को अब अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। उनकी अब ड्यूटी भी लगाई जा रही है।
CJP प्रवक्ता आशुतोष दैनिक भास्कर से बोले- प्रधान के इस्तीफे से कम पर समझौता नहीं
आशुतोष ने कहा है- “इस्तीफा हो या कैबिनेट से बर्खास्तगी हो, इससे कम कुछ मंजूर नहीं है। सरकार ने बोला है, वह हमारी मांगें मानने तैयार है। वह प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रधानमंत्री के सामने रखेगी। इसके बारे में हमें कल की मीटिंग में बताया जाएगा।”
आशुतोष बोले- “हमें खुशी है कि सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ा और अपनी बात प्रमुखता से रखी कि हम पर एक्शन न हो, पीड़ितों को मुआवजा मिले। उनका हंगर स्ट्राइक से जुड़ी हुई मांग थी। लेकिन हमारा जो प्रोटेस्ट है उसमें पहले दिन से हमारी मांग क्लियर है। प्रधान के इस्तीफे की मांग में कोई बदलाव नहीं हैं।”
अभिजीत दीपके बोले- सोनम वांगचुक से बात नहीं करने दे रही सरकार
अभिजीत बोले- सोनम वांगचुक सरकार के दवाब में नहीं, वे CJP के साथ
दैनिक भास्कर के रिपोर्टर ने शाम को जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट लीडर अभिजीत दीपके से बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि सोनम वांगचुकी सरकार के दवाब में हैं। इस पर अभिजीत ने जवाब दिया कि मुझे नहीं लगता ऐसा कुछ है। उन्होंने अपनी जान दांव पर लगा रखी थी इस देश को जागरूक करने के लिए। वे हमारे ही साथ हैं।
अभिजीत ने यह आरोप भी लगाया कि पुलिस खुद पत्थर से भरी गाड़ियां लेकर आती है। बीजेपी के गुंडे आकर पत्थर फेंकते हैं।
संसद मार्च प्रोटेस्ट पर अबतक 15 FIR दर्ज, लाठीचार्ज में 195 घायल
दैनिक भास्कर को स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर देवेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के जरिए सैकड़ों फुटेज की जांच की गई। जिसमें हमें 15 थानों की जिला पुलिस से 216 क्रिमिनल की पहचान की गई। दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक तौर पर बताया कि अभी तक कुल 15 FIR दर्ज हुई हैं। अभी तक के रिकॉर्ड के मुताबिक कुल 65 स्टूडेंट घायल हुए। इनके अलावा 130 लोग अन्य घायल हैं। अभी भी प्रोटेस्ट साइट पर करीब 10 से 12 हजार लोग हैं। कुल 3000 से ज्यादा पुलिस की तैनाती है।
दिल्ली पुलिस का दावा- वायरल वीडियो से पहचाने गए पुराने आरोपी

दिल्ली पुलिस की तरफ से जारी रिपोर्ट के मुताबिक 21 साल के मनोज कुमार की पहचान सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से की गई। ये आरोपी 2025 में बुध विहार थाने से अरेस्ट हुआ था। इसका 5 सितंबर 2025 का डोजियर बनाया गया था। उसी से फोटो का मिलान हुआ है।
दिल्ली पुलिस ने फेस रिकॉग्निशन सिस्टम से पहचाने 216 प्रदर्शनकारी
दिल्ली पुलिस फेस रिकॉग्निशन सिस्टम FCR से जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने वालों की पहचान कर रही है। इस दौरान प्रोटेस्ट साइट पर ऐसे आरोपियों की जानकारी मिली है जो पहले से ही दिल्ली पुलिस के क्रिमिनल रिकॉर्ड में दर्ज है।
216 आरोपियों को FCR से पहचाना गया है। इनमें सबसे ज्यादा 26 वेस्ट दिल्ली से है। इसके अलावा नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से 23, साउथ दिल्ली से 22 और अन्य जिलों के हैं।
दैनिक भास्कर को दिल्ली पुलिस के आधिकारिक सूत्रों से पता चला है कि वायरल सोशल मीडिया पोस्ट, सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जिसके आधार पर इनके चेहरे पुलिस रिकॉर्ड में भी मिले हैं।
इस आधार पर दिल्ली पुलिस ने दावा किया कि कई क्रिमिनल भी प्रोटेस्ट में शामिल हुए। दिल्ली पुलिस ने इनकी पहचान फेस रिकॉग्निशन सिस्टम से की।
CCTV निगरानी के लिए जंतर मंतर के पास पुलिस वैन और DCP नई दिल्ली और पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में भी लगाया गया है।
सीजेपी ने प्रदर्शन में घायल लोगों के लिए बनाई वेबसाइट
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा- हम एक वेबसाइट शुरू कर रहे हैं, जहां घायल प्रदर्शनकारी और पुलिस द्वारा मारपीट का शिकार हुए लोग तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं। अगर दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो हम उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करेंगे और अदालत का रुख करेंगे।
सीजेपी ने सरकार को पत्र सौंपा, तीन मांगे

सीजेपी ने शुक्रवार को सरकार के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर अपनी मांगों का पत्र सौंपा। पत्र के मुताबिक, उसकी मांगों में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, NEET पीड़ितों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करना शामिल है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि भारत सरकार, रैपिड एक्शन फोर्स के प्रमुख और दिल्ली पुलिस आयुक्त को उन छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, जिन्हें पीटा गया।
छात्रों पर पुलिस की ज्यादती, अर्जी सुनेगा सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने NEET पेपर लीक के खिलाफ विरोध कर रहे छात्रों पर पुलिस की ज्यादती के आरोपों वाली दो अलग-अलग याचिकाओं पर 27 जुलाई को सुनवाई करने पर सहमति जताई।
यह मामला चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच के सामने उठाया गया।
NIA जांच की मांग वाली अर्जी पर सुनवाई से इनकार
दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को उस PIL पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया जिसमें NEET- पेपर लीक और उससे जुड़े मुद्दों के विरोध में 20 जुलाई को संसद तक ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के मार्च की NIA से जांच कराने की मांग की गई थी। कोर्ट ने कहा कि किसी मामले की जांच NIA को सौंपना केंद्र सरकार का काम है, न कि कोर्ट का।
नड्डा बोले- कल CJP के साथ एक और बैठक
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद कहा कि शुक्रवार की बैठक में उठाए गए मुद्दों पर आंतरिक चर्चा करने के बाद सरकार कल CJP प्रतिनिधियों के साथ एक और बैठक करेगी। मंत्री ने कहा कि CJP ने परीक्षा सुधारों के लिए तीन मुख्य मांगें और पांच सुझाव रखे हैं।
CJP बोली- सरकार से बैठक अच्छे माहौल में हुई
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास कहा कि बैठक बहुत अच्छे माहौल में हुई। हमने अपनी तीन मुख्य मांगें रखी हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी पहली और सबसे जरूरी मांग यह है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, या फिर उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाया जाए।
नड्डा ने कहा- CJP ने 3 मांगें और 5 सुझाव रखे
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों से करीब 2 घंटे तक चली बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, ‘संगठन ने सरकार के सामने 3 प्रमुख मांगें और परीक्षा प्रणाली में सुधार के 5 सुझाव रखे हैं।’
- उन्होंने बताया कि सीजेपी ने 3 मुख्य मांगें रखीं। परीक्षा सुधार से जुड़े 5 सुझाव हमारे सामने रखे। हमने उनसे कहा है कि सरकार के भीतर इस पर चर्चा के बाद कल दोपहर फिर बैठक करेंगे और अपना पक्ष बताएंगे।
- यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब सरकार और CJP के बीच लंबे गतिरोध के बाद बातचीत की प्रक्रिया शुरू हुई है। अगले दौर की वार्ता में सरकार अपनी प्रतिक्रिया और आगे की रणनीति साझा करेगी।
CJP बोली- 20 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने क्रूरता दिखाई
CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा- 20 जुलाई को दिल्ली पुलिस और RAF के जवानों ने जिस तरह की क्रूरता दिखाई, उसे हम ऐसे ही जाने नहीं देंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने पेपर लीक मामले पर सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी
पेपर लीक मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सरकार ने पेपर लीक के बाद से अब तक क्या-क्या सुधार किए हैं, हमें उसकी जानकारी दी जाए। मामले की जांच कहां तक पहुंची, यह भी बताया जाए।

