मध्यप्रदेश के राजगढ़ से बाबा रामदेव के दर्शन के लिए रामदेवरा जा रहे जातरुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली सोमवार देर रात बालेसर क्षेत्र में पलट गई. आगोलाई के पास तोलेसर फांटा पर हुए हादसे में करीब 15 से 20 श्रद्धालु घायल हो गए. सूचना पर बालेसर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. गंभीर घायलों समेत कुछ अन्य को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया. हादसे की जानकारी मिलने पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रात करीब एक बजे अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की. उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेकर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. प्रारंभिक तौर पर हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है.
जोधपुर. बाबा रामदेव के दर्शन की आस्था लेकर मध्यप्रदेश के राजगढ़ से रामदेवरा जा रहे जातरुओं का सफर सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे में बदल गया. बालेसर क्षेत्र में आगोलाई के निकट तोलेसर फांटा के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद ट्रॉली में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में करीब 15 से 20 जातरू घायल हुए हैं. सूचना मिलते ही बालेसर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों समेत कुछ अन्य श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया. हादसे की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री और जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत भी रात करीब एक बजे अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और उपचार की जानकारी ली. राहत की बात है कि प्रारंभिक तौर पर हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है.

